
कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया मुद्रा की अस्थिरता और बढ़ती लागत के प्रभाव को कम करने के लिए अप्रैल से अपने वाहन की कीमतों में लगभग दो प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) ब्रेंडन सिसिंग ने कहा, ‘‘ एक अप्रैल से हम अपने सभी मॉडल की कीमतों में करीब दो प्रतिशत की मूल्य वृद्धि लागू करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि यह फैसला मुख्य रूप से मुद्रा में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव, खासकर रुपये के यूरो के मुकाबले लगातार कमजोर होने और लागत बढ़ने के कारण लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को ऑडी ने भी घोषणा की थी कि वह बढ़ती लागत और रुपये में उतार-चढ़ाव के आंशिक प्रभाव को कम करने के लिए एक अप्रैल से भारत में अपने सभी मॉडल कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी।