
घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 4,49,616 इकाई हो गई। उद्योग जगत के संगठन सियाम ने शुक्रवार को यह जानकारी।
जनवरी 2025 में यह 3,99,386 इकाई रही थी।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि जनवरी में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 19,25,603 इकाई हो गई जबकि पिछले साल जनवरी में यह 15,26,218 इकाई थी।
स्कूटर की बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 37 प्रतिशत बढ़कर 7,50,580 इकाई हो गई जबकि मोटरसाइकिल की थोक बिक्री 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11,26,416 इकाई रही।
बयान के अनुसार, तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 30 प्रतिशत बढ़कर 75,725 इकाई हो गई जबकि जनवरी 2025 में यह 58,167 इकाई रही थी।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘ यात्री वाहना, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की जनवरी 2026 में थोक बिक्री अब तक की सबसे अधिक रही, जो जनवरी 2025 की तुलना में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्शाती है।’’
उन्होंने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दर में कटौती के बाद निरंतर मांग से पिछली तिमाही में देखी गई मजबूत गति को बरकरार रखते हुए नए साल की शुरुआत सकारात्मक रही है।
मेनन ने कहा कि देश के विनिर्माण आधार को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट 2026 में घोषित पहलों और मौजूदा नीतिगत अनुकूल परिस्थितियों से इस क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलने एवं मध्यम अवधि में वृद्धि को समर्थन मिलने की उम्मीद है।